बृहस्पतिवार का दिन ओखलकांडा ब्लाक के पतलोट और आसपास की ग्रामसभाओं के लोगों के लिए बेहद खुशी भरा रहा। आज उत्साह पूर्ण माहौल में महाविद्यालय का शुभारंभ हुआ।
अब दूरस्थ गांवों में रहने वाले नौजवानों को उच्चशिक्षा के लिए हल्द्वानी, नैनीताल या फिर चंपावत की ओर पलायन नहीं करना होगा। पहले ही दिन स्नातक स्तर पर प्रवेश के लिए दस फार्म बिके।
राजकीय इंटर कालेज द्वारा उपलब्ध कराए गए तीन कक्षा कक्षों में नोडल अधिकारी डॉ. एमसी पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर महाविद्यालय का शुभारंभ किया।
इससे पहले नोडल अधिकारी डॉ. पांडे समेत इतिहास के प्राध्यापक डॉ. आलोक पांडे, अर्थशास्त्र की सरिता गोयल, लिपिक आकाश बोरा, पूर्व प्राध्यापक डॉ. डीके पनेरू व पूर्व उप शिक्षा निदेशक डॉ. बीआर पनेरू का ग्रामीणों ने फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर डॉ. सुरेश भट्ट ने महाविद्यालय की स्थापना को पतलोट क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक बताया। पूर्व प्राध्यापक डॉ. डीके पनेरू ने कहा कि वह स्वयं हिंदी भाषा व हिंदी साहित्य पढ़ाने का जिम्मा लेंगे।
पूर्व प्रवक्ता मूल चंद्र पटेल ने क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय का विशेष उपहार बताया। महाविद्यालय में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं उत्साहित थे। पहले दिन 10 से अधिक प्रवेश फार्मों की बिक्री हुई।
प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश में देरी के बावजूद लगभग 75 से अधिक छात्र छात्राओं के प्रवेश लेने की उम्मीद है। छात्र-छात्राओं के बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था महाविद्यालय अपने स्तर पर करेगा।
इस महाविद्यालय के खुलने से ओखलकांडा ब्लाक के 17 इंटर कालेजों के अलावा चंपावत जिले के रीठा साहिब क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा।
इस मौके पर राइंका पतलोट के प्रधानाचार्य डॉ. महेश चंद्र, रमेश त्रिपाठी, नारायण सिंह मटियाली, घनश्याम पनेरू, रघुवीर मटियाली, खीमानंद परगॉई, संदीप परगॉई, पानदेव जोशी, हेमा मटियाली, केशव भट्ट, पूरन सनवाल, चंद्र सिंह मटियाली आदि थे।