नैनीताल। जल संरक्षण की केंद्र सरकार की विशेष योजना के तहत विलुप्ति की कगार पर पहुंच चुके प्राकृतिक जलस्रोत के पुनर्जीवित होने की उम्मीद जग गई है। पालिका की ओर से जल संस्थान को धनराशि देने के बाद इनके पुनर्जीवन का कार्य भी शुरू हो गया है। पहले चरण में मल्लीताल स्थित पर्दाधारा व स्प्रिंग फील्ड में कार्य शुरू हो गया है।
विज्ञापन
नगर में मौजूद प्राकृतिक जलस्रोत रखरखाव न होने के कारण विलुप्त होते जा रहे हैं। केंद्र सरकार की ओर से जल संरक्षण योजना के तहत पालिका को 1.5 करोड़ रुपये दिए गए। पालिका ने लगभग 70 लाख से प्राकृतिक जलस्रोत को पुनर्जीवित करने की पहल की। जल संस्थान के माध्यम से बनाई गई डीपीआर के क्रम में पहले चरण में 11 स्रोत जीवित होेने हैं। इनमें सिपाही धारा तल्लीताल, चूना धारा मल्लीताल, पर्दाधारा, गौमुख धारा कृष्णापुर, यहीं का तुड़तुड़ियाधारा, स्प्रिंग फील्ड, विश्राम घाट पाइंस, गुफा महादेव मंदिर, नारायण नगर, स्टोनले, राजपुरा जलस्रोत शामिल हैं। अधिशासी अभियंता रमेश गर्ब्याल ने बताया कि शीघ्र ही पाइंस और कृष्णापुर में भी कार्य शुरू किया जाना है। पालिका की ओर से दूसरे चरण के लिए शेष स्रोत चिह्नित किए जा रहे हैं।