शनिवार को रकसिया नाला क्षेत्र में अतिक्रमण मुक्त की गई जमीन पर कब्जे का बोर्ड लगवाते एसडीएम राह
हल्द्वानी। डीएम के निर्देश पर गठित राजस्व प्रवर्तन समिति ने शनिवार को तहसील क्षेत्र के अंतर्गत राजस्व संबंधी विवादों की सुनवाई की। समिति ने राजस्व अभिलेखों, स्थलीय निरीक्षण और प्रचलित विधिक प्रावधानों की जांच के बाद विवादों से संबंधित मामलों को निस्तारित किया।
सुनवाई के बाद अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर कुमाऊं कॉलोनी दमुवाढूंगा स्थित रकसिया नाले की लगभग एक बीघा सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसका कब्जा प्राप्त किया। सीमांकन (पैमाइश) के तीन मामलों के स्थलीय निरीक्षण के बाद उनका निस्तारण किया गया जिनमें शिवलालपुर का सीमांकन विवाद भी शामिल है। फतेहपुर में मार्ग अतिक्रमण से संबंधित प्रकरण का निस्तारण करते हुए अतिक्रमण हटाया गया। इसके अतिरिक्त खेड़ा क्षेत्र में निजी भूमि के विवाद को भी हल कराया गया। समिति ने राजस्व अभिलेखों में संशोधन से संबंधित 38 प्रकरणों का भी निस्तारण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी राहुल शाह, तहसीलदार कुलदीप पांडे आदि मौजूद रहे।