ब्रह्मांड और खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी रखने वालों के लिए 11 और 12 नवंबर की दरमियानी रात बेहद खास रहने वाली है। इस दौरान उत्तरी टौरिड उल्का बौछार अपने चरम पर होगी। आसमान में चमकती रोशनी की लकीरें और आग के बड़े-बड़े गोले यानी फायरबॉल्स इस नजारे को किसी आतिशबाजी से कम नहीं बनाएंगे। खास बात यह है कि इस खगोलीय उत्सव को देखने के लिए किसी टेलीस्कोप या विशेष उपकरण की जरूरत नहीं होगी। साफ और अंधेरे आसमान में इसे खुली आंखों से निहारा जा सकेगा।
कम उल्काएं, लेकिन चमक ऐसी कि ठहर जाएंगी निगाहें
उत्तरी टौरिड उल्का बौछार में सामान्य तौर पर प्रति घंटे लगभग 5 से 10 उल्काएं दिखाई दे सकती हैं। हालांकि, इसकी असली खूबसूरती इनकी संख्या में नहीं बल्कि इनके आकार, चमक और गति में छिपी है। इस बौछार के दौरान कभी-कभार बेहद चमकीले, बड़े और अपेक्षाकृत धीमी गति से गुजरने वाले फायरबॉल्स दिखाई देते हैं। ये कुछ क्षणों के लिए रात के अंधेरे को चीरते हुए आसमान में रोशनी की लकीर खींच देते हैं।
धूमकेतु की धूल से जन्म लेती है आसमानी आतिशबाजी
इस खूबसूरत नजारे के पीछे धूमकेतु एनके की भूमिका है। दरअसल, अंतरिक्ष में अपनी यात्रा के दौरान धूमकेतु अपने पीछे धूल और छोटे-छोटे चट्टानी कणों का मलबा छोड़ता जाता है। जब पृथ्वी अपनी कक्षा में घूमते हुए इस मलबे के क्षेत्र से गुजरती है, तो ये कण पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते हैं। वायुमंडल में प्रवेश के दौरान अत्यधिक गति के कारण ये गर्म होकर चमकने लगते हैं और आसमान में रोशनी की लकीरें बनाते हैं।
कैसे देखें यह नजारा
इस खगोलीय आतिशबाजी को देखने के लिए किसी टेलीस्कोप या दूरबीन की आवश्यकता नहीं है। इसे देखने का सबसे अच्छा समय आधी रात के बाद का होगा। एरीज के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. वीरेंद्र यादव की सलाह है कि लोग किसी ऐसे खुले स्थान या छत पर जाएं, जहां शहर की कृत्रिम रोशनी और प्रदूषण कम से कम हो। आसमान की ओर देखने से पहले अपनी आंखों को अंधेरे के अनुकूल ढलने के लिए लगभग 15 से 20 मिनट का समय दें।