गरमपानी (नैनीताल)। साधन सहकारी समिति गरमपानी में वित्तीय अनियमितता और जमा पूंजी वापस नहीं देना सहकारी समिति के कर्मचारी को भारी पड़ सकता है। बुधवार को खैरना में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। डीएम के आदेश पर बुधवार शाम भवाली कोतवाली में सहकारी समिति के सचिव गोपाल सिंह रौतेला ने वित्तीय अनियमितता के संबंध में तहरीर सौंपी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर ली है।
डीएम ने बुधवार को खैरना सभागार में ‘जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। शिविर में तीन शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सहकारी समिति की ओर से उनकी जमा पूंजी वापस नहीं दी जा रही है। डीएम ने विभागीय अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से मामले की जांच चल रही है। डीएम ने जांच पूरी न होने और वित्तीय अनियमितता का प्रकरण होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। एआर कोऑपरेटिव ध्यान सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंप दी है। कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि जांच करने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
तमाम समस्याओं को हल करने को कहा डीएम ने
खैरना में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को मझेड़ा में 65 परिवारों को सिंचाई योजना का लाभ नहीं मिलने के बारे में बताया। डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों से मौका मुआयना कर नहरों को सही करा पानी सुचारु करने को कहा। डीएम ने बुधलाकोट-पंगोट मार्ग के निर्माण के लिए जल्द दोबारा सर्वे कराकर वन विभाग से अनापत्ति मिलने की बात कहीं। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, मदन मोहन कैड़ा, रमेश सुयाल, नीरज बिष्ट, दलीप सिंह बोहरा, एसडीएम मोनिका, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, बीडीओ पंकज जोशी मौजूद रहे। संवाद
ये निर्देश भी दिए
वन विभाग, उरेडा से सोलर फेंसिंग और पिंजड़ा लगाएं
सड़क किनारे खड़े वाहन चालकों पर कार्रवाई करें
अवैध खनन को लेकर कार्रवाई करने को कहा
हरोली-गैरखाल सड़क के लिए प्रस्ताव भेजें
डोबा गांव में झूलापुल, गरमपानी में पुल का डीपीआर बनाएं