हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन ने नैक टीम के मूल्यांकन में ए ग्रेड पाने के लिए दूसरे दिन मंगलवार को भी विभागों की उपलब्धियों का प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। नैक पीयर टीम ने विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को आंकलन करने के साथ ही निरीक्षण भी किया। इधर, निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार करने में टीम को छह घंटे का वक्त लगा।
मंगलवार को नैक पीयर टीम ने प्रात: 9 बजे एमबीपीजी कॉलेज परिसर में कस्तूरबा भवन के सामने पार्क में पौधारोपण किया। इसके उपरांत उन्होंने कई विभागों से संबधित प्रकोष्ठों, सेल आदि का निरीक्षण किया। इसमें करियर काउंसिलिंग सेल, एससी एसटी सेल, इको क्लब, महिला उत्पीड़न निवारण सेल, जिम्नेजियम व हेल्थ क्लब, योग व नेचुरोपैथी विभाग प्रमुख थे। नैक पीयर टीम के चेयरपर्सन प्रोफेसर एस परशुरामन ने योग के छात्रों के आसन प्राणायाम के अभ्यास को देखने की इच्छा जताई और तीसरी मंजिल पर योग भवन में जाकर जमीन पर ही बैठकर लगभग 30 मिनट तक योगाभ्यास को देखा।
महाविद्यालय के योग विभाग के विद्यार्थियों का अभ्यास देख उन्होंने सभी की बहुत तारीफ की। इस अवसर पर योग विभाग के प्रवक्ता डॉ. राजेंद्र मलिक द्वारा लिखित दो पुस्तक टीम के तीनों सदस्यों को भेंट की गईं। इधर, नैक पीयर टीम महाविद्यालय का निरीक्षण कर दोपहर करीब डेढ़ बजे होटल चली गई थी। वहां टीम के सदस्यों ने दोपहर का भोजन किया उसके बाद दो बजे से महाविद्यालय के मूल्यांकन की रिपोर्ट तैयार करने में जुट गए। रिपोर्ट ऑनलाइन भेजी जानी थी लिहाजा टीम को उसे तैयार करने में ही छह घंटे का वक्त लग गया। सदस्य कभी रूम में रिपोर्ट बनाते थे तो कभी दूसरे कमरे में बैठे महाविद्यालय टीम के सदस्यों को बुलाकर उनसे कुछ पूछते थे फिर रिपोर्ट बनाते थे। रिपोर्ट 13 पेज की बनी है।
निरीक्षण के दौरान प्राचार्य डा. जीएस बिष्ट, समन्वयक डा. बीआर पंत, डा. गोविंद पाठक, डा. एनके लोहनी, चीफ प्राक्टर डा. विनय विद्यांलकार, डा. नवीन भगत, डा. हेमंत कुमार शुक्ला, डा. एचएस भाकुनी, डा. महेश कुमार आदि रहे।
साढ़े तीन घंटे इंतजार के बाद आए, थैंक्स कहा और चले गए
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में नैक पीयर टीम की एग्जिट मीटिंग मंगलवार को कई लोगों के लिए मुसीबत बन गई। सायं पांच बजे के स्थान पर साढ़े तीन घंटे देरी से करीब साढ़े आठ बजे टीम के सदस्य मीटिंग में आए, सभी से थैंक्स कहा और चले गए। सायंकालीन सत्र में शाम पांच बजे नैक पीयर टीम की एग्जिट मीटिंग में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों के साथ ही समस्त कर्मचारियों, संविदा, उपनल स्टाफ को मौजूद रहने के आदेश जारी किए गए थे। लिहाजा निर्धारित समय पर समस्त स्टाफ कांफ्रेंस हाल के पास पहुंच गया लेकिन इंतजार करते - करते स्टाफ थक गए मगर टीम समय से साढ़े तीन घंटे देरी से आई। प्राध्यापक डा. हेमंत कुमार शुक्ला और डा. प्रभा पंत ने गीत प्रस्तुत कर लोगों की थकान दूर करने की कोशिश की। इधर, घर जाने में रात होने से महिला स्टाफ में काफी रोष था। कुछ मिनटों चली मीटिंग में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जीएस बिष्ट ने नैक पीयर टीम का धन्यवाद ज्ञापित किया तथा इस निरीक्षण की तैयारियों में लगे रहे पूरे स्टाफ का भी आभार व्यक्त किया।
ए ग्रेड मिलने की उम्मीद
महाविद्यालय की उपलब्धियों को देख नैक पीयर टीम काफी संतुष्ट दिखाई दी तथा ए ग्रेड मिलने की उम्मीद है। टीम ने क्या रिपोर्ट दी, इसकी जानकारी एक हफ्ते बाद मिल जाएगी। - डा. जीएस बिष्ट, प्रभारी प्राचार्य