नैनीताल। दुर्गा पूजा महोत्सव की समाप्ति के बाद अब जिला प्रशासन व पालिका प्रशासन अतिक्रमण के खिलाफ गंभीर हो गया है। बृहस्पतिवार को मॉल रोड क्षेत्र से अतिक्रमणकारियों को खदेड़ा गया और कई के चालान भी किए गए। बाजार में व्यापारियों से दुकान का सामान भी अंदर करवाया गया।
बता दें कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत हाल ही में सौंदर्यीकृत किए गए पंत पार्क पर फड़ कारोबारी फिर काबिज हो गए हैं। दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान वहां नियमों के विरुद्ध दुकानें लगाई गईं। बृहस्पतिवार को पालिका टीम ने लाउडस्पीकर से पंत पार्क में फड़ न लगाने तथा लगाने पर सामान जब्त करने की चेतावनी दी। हालांकि उक्त स्थल पर फड़ नहीं लगे। शाम को एसडीएम नवाजिश खलिक, ईओ रोहताश शर्मा, ईओ द्वितीय विनोद जीना समेत पालिका टीम की ओर से पहले पंत पार्क, फिर मल्लीताल बाजार एवं मॉल रोड पर अभियान चलाया गया। टीएस दीपेंद्र बमोला ने बताया कि पांच लोगों का पांच हजार का चालान किया गया। कुछ दुकानदारों का सामान जब्त करने के साथ कई को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। संवाद