हल्द्वानी। ट्यूबवेलों के खराब होने का सिलसिला शुरू हो गया है। पहले कालाढूंगी रोड स्थित जीजीआईसी परिसर और सुभाषनगर में दिक्कत आई। अब डहरिया आईटीआई में लगा ट्यूबवेल जवाब दे गया है। बृहस्पतिवार सुबह ट्यूबवेल की मोटर फुंकने से चार हजार की आबादी की जलापूर्ति बाधित हो गई।
जल संस्थान के आईटीआई परिसर में लगा ट्यूबवेल खराब होने के बाद आईटीआई से धान मिल तक का इलाका, गबदा, डहरिया, इकोटाउन क्षेत्र में पानी की सप्लाई ठप है। संस्थान के सहायक अभियंता प्रमोद पांडे ने बताया कि आईटीआई ट्यूबवेल से जुड़े क्षेत्रों में फार्म नंबर-तीन के नलकूप से आपूर्ति की जाएगी। प्रभावित क्षेत्रों में शुक्रवार को टैंकरों से पानी बांटा जाएगा। ट्यूबवेल की मरम्मत शुरू कर दी है। तीन दिन में इसे दुरुस्त कर जलापूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
पेयजल संकट से गुस्साए लोगों का प्रदर्शन
इंदिरानगर की छोटी सड़क वाले क्षेत्र में इन दिनों पेयजल का संकट बना हुआ है। लोग रातभर जागकर पानी का इंतजार कर रहे हैं। अव्यवस्था से गुस्साए लोगों ने पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी के नेतृत्व में क्षेत्र में प्रदर्शन किया। पार्षद फईम जेबा ने कहा कि पानी न मिलने से लोग परेशान हैं। उन्होंने चेताया कि यदि जलापूर्ति में सुधार न हुआ तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में हैदर अली, शब्बीर अहमद अल्वी, शोभा देवी, वकील अहमद, विरासत अली, हामिद हुसैन आदि शामिल रहे।