फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधायक धामी ने खुद ही किए थे अपने सिर पर वार

Thu, 07 Sep 2017 02:14 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो हल्द्वानी
विज्ञापन
कांग्रेस विधायक हरीश धामी - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
सुशीला तिवारी अस्पताल की इमरजेंसी में मंगलवार रात हुए हंगामे के सीसीटीवी फुटेज में खुलासा हुआ है कि धारचूला विधायक हरीश धामी ने मेज पर रखे उपकरण से अपने सिर पर खुद वार किया था। ऐसा करने से मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने उन्हें रोका भी था। हालांकि यह साफ नहीं है कि यह उपकरण कौन सा है।
विज्ञापन


धारचूला निवासी खड़क सिंह धामी की गर्भवती पत्नी दीपा धामी के उपचार में लापरवाही को लेकर विधायक हरीश धामी की इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इस बीच एक सुरक्षा गार्ड ने खड़क सिंह को विधायक के सामने ही थप्पड़ जड़ दिए।

इस पर विधायक भड़क गए और डॉक्टरों से नोकझोंक हो गई। विधायक का आरोप है कि एक जूनियर डॉक्टर ने उनके  सिर पर प्लास्टिक की बोतल दे मारी। इसके बाद विधायक इमरजेंसी के बाहर ही धरने पर बैठ गए थे। देर रात एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव और एसडीएम अब्ज प्रसाद बाजपेयी भी अस्पताल पहुंचे और किसी तरह मामले को निपटाया।
विज्ञापन


बुधवार को सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। इसमें विधायक धामी डॉक्टर से अभद्रता करने के साथ ही गला पकड़ने का प्रयास करते दिख रहे हैं। विधायक इमरजेंसी में ही कुर्सी पर बैठै थे और अचानक डॉक्टर की टेबल पर रखे किसी उपकरण से अपने सिर पर वार करने लगे।

इमरजेंसी में ही मौजूद प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा विधायक को बचाते दिखाई पड़ रहे हैं। प्राचार्य ने विधायक के हाथ से उपकरण लिया और उनको इमरजेंसी से बाहर लाने का प्रयास किया।

विधायक के सिर पर नहीं मिली चोट, अल्कोहल की गंध का जिक्र

विधायक धारचूला हरीश धामी सिर पर चोट की बात कहकर मेडिकल कराने की मांग लगातार कर रहे थे। लगभग पौने तीन बजे रात एसडीएम और एसपी सिटी की मौजूदगी में बंद कमरे में विधायक का मेडिकल किया गया। मेडिकल रिपोर्ट में सिर पर चोट की बात सामने नहीं आई है। रिपोर्ट में लिखा गया है कि सांस लेने के दौरान अल्कोहल की गंध आ रही थी।

महिला और उसके पति को पीटा है

विधायक हरीश धामी ने कहा कि वीडियो उनके पास भी है। महिला दीपा धामी और उसके पति खड़क सिंह धामी से मारपीट की गई। विधायक से जब पूछा गया कि उन्होंने खुद अपने सिर पर वार किया और डॉक्टर का कालर पकड़ने का प्रयास किया, तो उन्होंने कहा कि मेरे संज्ञान में ऐसा नहीं है।

फिर कहा कि हो सकता है गुस्से में हो गया हो। गुस्से में कोई उपकरण हाथ में आ गया होगा लेकिन उन्होंने न तो किसी डॉक्टर से अभद्रता की, न ही किसी का कॉलर पकड़ने का प्रयास किया।

‘डॉक्टरों की लापरवाही से हुई बच्चे की मौत’

खड़क सिंह धामी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी गर्भवती पत्नी दीपा धामी की तबियत खराब होने पर डाक्टरों ने लापरवाही बरती और उसके बच्चे की मौत हो गई। उधर, इस मामले की विवेचना बुधवार को आगे नहीं बढ़ सकी।

विवेचक नियुक्त किए गए मेडिकल चौकी प्रभारी विजय सिंह मेहता एक अन्य मुकदमे की पैरवी में बुधवार को नैनीताल कोर्ट में गए थे। कोतवाल केआर पांडे का कहना है कि दोनों शिकायतों की पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें