हल्द्वानी। अब साप्ताहिक बंदी शनिवार को हल्द्वानी का बाजार बंद नहीं होगा। बाजार दो बजे तक खुलेगा। रविवार को पूरे दिन लॉकडाउन होने के कारण बाजार बंद रहेगा। यह निर्णय विभिन्न व्यापारी संगठनों की एसडीएम विवेक रॉय के साथ हुई बैठक के बाद लिया गया।
व्यापारी नेताओं का कहना था कि शनिवार साप्ताहिक बंदी और रविवार लॉकडाउन की वजह से बाजार दो दिन बंद होने से कारोबारियों को दिक्कतें हो रही हैं। लिहाजा व्यापारी शनिवार को शासन के निर्देशों के तहत दोपहर दो बजे तक बाजार खोलेंगे। रविवार को पूर्ण बंदी पर प्रशासन को सहयोग करेंगे। बैठक में देवभूमि व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह चड्ढा, महामंत्री राजीव जायसवाल, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा, जिला महामंत्री हर्षवर्द्धन पांडे, देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जगमोहन चिलवाल, गोविंद बगड्वाल,मुकेश धींगड़ा, पंकज कपूर, दलजीत सिंह दल्ली, मोईन बाबा, प्रेम चौधरी, परविंदर प्रिंस, राजेंद्र बमेठा, मनीष वमा, जितेंद्र जायसवाल, अनवरुल्ला सिद्दीकी, जगमीत मीती, जसपाल मालदार, जसविंदर भसीन, रविंद्र बाली, महेश आहूजा आदि मौजूद रहे। इधर, किराना व्यापार मंडल के महामंत्री प्रमोद अग्रवाल गोल्डी ने कहा कि उन्होंने शनिवार को बाजार खोलने को लेकर एसडीएम से वार्ता की। एसडीएम को बताया कि रविवार को पूर्ण बाजार बंदी पर सहयोग करेंगे लेकिन शनिवार को बाजार खोलेंगे।
शनिवार को साप्ताहिक बंदी व्यापारियों का निजी निर्णय है। रविवार को शासन के आदेशों का अनुपालन करते हुए बाजार बंद रहेगा। शनिवार को व्यापारी जो भी निर्णय लेंगे उसके लिए वह स्वतंत्र हैं। दो बजे बाद बाजार खोलने की अनुमति नहीं मिलेगी।
- विवेक रॉय, एसडीएम हल्द्वानी।
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने भी लिया निर्णय
हल्द्वानी। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में शनिवार को दोपहर दो बजे तक बाजार खोलने का निर्णय लिया है। संस्थापक अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर ने कहा कि व्यापारी शनिवार को शासन के दो बजे तक बाजार खोलने के निर्णय के तहत बाजार खोलेंगे। बैठक में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अनिल खंडेलवाल, प्रदेश महामंत्री राजकुमार केसरवानी, महानगर अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, कुमायूं प्रवक्ता हरजीत चड्ढा, जगमोहन चिलवाल आदि थे।
सप्ताह में तीन दिन बंद रखी जाएं सराफा दुकानें
हल्द्वानी। ग्रीन सिटी सराफा एवं स्वर्णकार एसोसिएशन ने कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए सप्ताह में तीन दिन सराफा कारोबार को बंद किए जाने की अपील की है। डीएम को दिए ज्ञापन में एसोसिएशन के महामंत्री घनश्याम रस्तोगी ने कहा कि सराफा कारोबार से जुड़े कई कारोबारी भी कोविड पॉजिटिव हैं। विवाह समारोह के लिए आभूषण की डिमांड लेकर कई लोग आ रहे हैं। संजय वर्मा ने कहा है कि सभी ज्वैलर्स की भलाई इसी में है कि वह अपनी दुकानों को तीन दिन के लिए बंद करें। संक्रमण फैलने पर स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
मंडी आज बंद, रविवार को खुलेगी
हल्द्वानी। मंडी समिति प्रशासन ने शनिवार को मंडी खोलने का फैसला वापस लेते हुए रविवार को मंडी खोलने की सहमति दे दी है। अब शनिवार को साप्ताहिक बंदी के दिन मंडी पहले की तरह बंद रहेगी। रविवार को कोविड कर्फ्यू के दौरान थोक मंडी में सुबह नौ बजे तक कारोबार होगा।
नवीन मंडी के कुछ व्यापारियों और आढ़तियों की मांग पर मंडी समिति प्रशासन ने बृहस्पतिवार को एसडीएम विवेक राय से बात कर इस बात का फैसला किया था कि साप्ताहिक बंदी के दिन शनिवार को मंडी खुलेगी और रविवार को कोविड कर्फ्यू होने के कारण पूरी तरह बंद रहेगी। मंडी सचिव विश्वविजय सिंह देव ने आलू फल आढ़ती व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों को प्रशासन की सहमति से अवगत भी करवा दिया था। शुक्रवार को मंडी अध्यक्ष मनोज साह के पास चंद व्यापारी नेता और आढ़ती पहुंचे और काश्तकारों के नुकसान की दुहाई देकर इस फैसले को पलटने का दबाव बना दिया। मंडी अध्यक्ष मनोज साह ने बताया कि आढ़तियों और व्यापारियों की मांग पर शनिवार को मंडी में पूर्ण बंदी रहेगी और रविवार को कोविड कर्फ्यू के दौरान सुबह नौ बजे तक कारोबार होगा। यह फैसला इसलिए लेना पड़ा है क्योंकि हल्द्वानी मंडी से कुमाऊं के अन्य जिलों के अलावा गढ़वाल के भी कुछ इलाकों के सब्जी और अनाज की सप्लाई होती है। दूसरी ओर, मंडी के ही कुछ व्यापारियों का कहना है कि मंडी प्रशासन द्वारा बार-बार फैसला बदलना ठीक नहीं है।