हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने चोरगलिया रोड चिराग अली शाह मजार के पास बृहस्पतिवार की देर रात प्रापर्टी डीलर पर हमले के मुख्य आरोपी को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इस मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
गौजाजाली निवासी इमरान उर्फ राजा (20) को शनिबाजार में 17 फरवरी को शाम चार लोगों ने पीट दिया था और फायरिंग की। वहां से इमरान किसी तरह भाग निकला। इमरान के पिता तौकीर की तहरीर पर पुलिस ने वार्ड 12 आजादनगर निवासी राजा बंदूकची, भोलानाथ गार्डन निवासी तरुण, बनभूलपुरा निवासी रिहान और सोनू पठान के खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने मुख्य आरोपी आजादनगर निवासी राजा बंदूकची को गिरफ्तार कर उसके पास से .315 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद किया। बताया कि वह घटना के बाद दिल्ली चला गया था। पैसा खत्म होने के बाद लौटकर आ रहा था। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ 2015 में भी हत्या के प्रयास और गैंगस्टर के तहत मुकदमे दर्ज हुए थे। बंदूकची को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
पुलिस अन्य आरोपी तरुण और रिहान की भी तलाश कर रही है। टीम में उपनिरीक्षक मंगल सिंह नेगी, धरम सिंह, संजीत कुमार राठौर, सिपाही एहसान अली, परवेज अली शामिल हैं। इधर, आरोपी सोनू पठान ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से पुलिस को बताया कि वह घटना के समय शनिबाजार में नहीं था। थानाध्यक्ष का कहना है कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज लेकर जांच की जाएगी।