सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटन सीजन के साथ ही पर्यटक वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को वीक एंड की वजह से सुबह से ही नगर में पर्यटकों की आवाजाही से खूब चहल पहल रही। नगर के सभी कार पार्किंग पैक होेने की वजह से डीएम दीपक रावत के निर्देश के बाद डीएसए मैदान को भी पार्किंग के लिए खोल दिया गया। इस बीच माल रोड में भी रात्रि में दो घंटे के बजाए तीन घंटे की बंदी लागू कर दी गई है जो पर्यटन सीजन तक जारी रहेगी। इधर आज अन्य दिनों की तुलना में दिन में काफी उमस महसूस की गई।
नगर में सुबह से ही पर्यटक वाहनों की लंबी कतारें दिखायी दी। माल रोड समेत सभी मुख्य मार्गों में वाहनों की बढ़ते दवाब की वजह से जाम लगता रहा। लोअर माल रोड में सुबह से लेकर शाम तक वाहन रेंग-रेंग कर चलते रहे। पुलिस को भी यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए खूूब पसीना बहाना पड़ा।एएसपी हरीश चंद्र सती ने कहा कि सभी मार्गों में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। दूसरी ओर नगर में दिनभर मौसम का मिजाज बदलता रहा। अधिकांश वक्त आसमान बादलों से घिरा रहा पहाड़ियों में लगातार तीसरे दिन भी कोहरा छाया रहा।