जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव का घटनाक्रम कोर्ट के बाद अब गोल्ज्यू के दरबार पहुंच चुका है। कांग्रेस इसे न्याय की लड़ाई बता रही है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने रविवार को अपने फेसबुक पोस्ट के जरिये गोल्ज्यू देवता के दरबार में अपनी पर्ची लगाने तथा न्याय मांगने की बात कही है। उन्होंने लिखा ''''हे गोल्ज्यू देवता!, आप न्याय के देवता हो, आप ही इंसाफ करो...।''''
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि पिछले दिनों नैनीताल के जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान जो कुछ घटा है। ऐसी अराजकता उत्तराखंड की राजनीति में पहले कभी किसी ने नहीं देखी थी। दिनदहाड़े पुलिस की नजरों के सामने जिला पंचायत सदस्यों का अपहरण किया गया। इससे वह अत्यंत आहत हैं। कहा कि यह न्याय के देवता गोल्ज्यू की भूमि है। जो हर आंसू, हर याचना का प्रतिकार करते हैं। उन्हें विश्वास गोल्ज्यू देवता जरूर न्याय करेंगे।
पांच जिलों की पुलिस ने हल्द्वानी और नैनीताल में डाला डेरा
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव का सियासी ड्रामा अभी थमा नहीं है। हंगामे के आसार को देखते हुए पुलिस को अलर्ट किया गया है। हल्द्वानी में पांच जिलों की पुलिस ने डेरा डाल रखा है। नैनीताल में सुरक्षा के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है 14 अगस्त को नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के दौरान भारी हंगामा हुआ था। रेनकोट पहने कार सवारों ने कांग्रेसियों से धक्का मुक्की की थी। साथ ही पांच जिला पंचायत सदस्यों को उठा ले गए थे। विरोध में कांग्रेस नेताओं ने नैनीताल में दिन भर हंगामा काटा। 15 अगस्त को हल्द्वानी में पुलिस बहुउद्देश्यीय भवन के बाहर धरना देकर विरोध जताया। शाम को भाजपा ने भी कोतवाली घेरने के बाद एसपी सिटी प्रकाश चंद्र को ज्ञापन सौंपा था। भारी विरोध और हंगामे को देखते हुए एहतियातन कुमाऊं की फोर्स को हल्द्वानी बुलाया गया है। चंपावत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, ऊधम सिंह नगर, बागेश्वर के दारोगा और इंस्पेक्टर हल्द्वानी में 16 अगस्त से डेरा जमाए हुए हैं। एलआईयू भी पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।