बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले में बुधवार को होने वाली सुनवाई टल गई। मामला केस 118वें नंबर पर सूचीबद्ध था लेकिन सुप्रीम कोर्ट में केवल 30-32 मामलों की ही सुनवाई हो पाई। अब बृहस्पतिवार को तारीख मिली है। सुनवाई का नंबर 120वां है।
रेलवे की कई हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण मामले में अंतिम फैसले से पहले की सुनवाई हर बार टलती जा रही है। बुधवार को बनभूलपुरा मामले से पहले करीब 30-32 मामलों की सुनवाई हुई लेकिन इसकी बारी नहीं आई। मामले के याचिकाकर्ता अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने बताया कि अगली तारीख बृहस्पतिवार (19 नवंबर) मिली है। इस दिन भी केस का नंबर 120 है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शायद सुनवाई हो सकती है।
दूसरी तरफ फैसले के मद्देनजर बनभूलपुरा में बुधवार को पुलिस फोर्स और पीएसी का कड़ा पहरा रहा। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि हर स्तर से निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह का माहौल बिगाड़ने या कानून व शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
स्टेशन परिसर से हटवाया कूड़ा-कचड़ा
बुधवार को जीआरपी और पुलिस ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन परिसर में फैले कूड़ा-करकट और सामान को हटवाकर साफ-सफाई कराई। ढोलक बस्ती में रहने वाले लोगों के जो वाद्ययंत्र वहां रखे थे, उन्हें भी हटाया गया। दोबारा किसी भी तरह का सामान, गठरी या ढोलकें न रखने की सख्त हिदायत भी दी है।