राज्यपाल डा. केके पॉल ने उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में मेरिट लिस्ट में प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मेरिट में आए इन बच्चों को राज्यपाल की ओर से छह जून को राजभवन देहरादून में नकद धनराशि और गवर्नर्स अवार्ड प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा।
राज्यपाल की ओर से गर्वर्नस अवार्ड की इस अभिनव योजना का निर्णय 10 मार्च 2015 को लिया गया था। इसके तहत चालू शिक्षा सत्र 2014-15 में घोषित परीक्षाफल के आधार पर 12वीं की परीक्षा में विज्ञान, कला और वाणिज्य वर्गों में पूरे राज्य में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले तीन-तीन छात्र और तीन-तीन छात्राओं तथा 10वीं की परीक्षा में पूरे राज्य में संयुक्त रूप से पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश में शिक्षा के उन्नयन, गुणवत्ता और प्रतिभा विकास को प्रोत्साहित करने के लिए श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने वाले स्कूलों को भी राज्यपाल की ओर से सम्मानित किया जाएगा। 10 मार्च 2015 को लिए गए निर्णयानुसार तीन सर्वोच्च स्कूलों की पुस्तकालयों के लिए पुस्तकें क्रय करने के लिए क्रमश: 50, 30 और 20 हजार रुपये की धनराशि का प्राविधान किया गया है।
यह धनराशि राज्यपाल की ओर से प्रतिवर्ष अपने विवेकाधीन कोष से दिये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। गर्वनर्स अवार्ड योजना के तहत पुरस्कृत किए जाने के लिए श्रेष्ठ श्रेणी में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं एवं स्कूलों की सूची निदेशक, माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड देहरादून की ओर से मुहैया कराई जाएगी।