पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद भगत सिंह कोश्यारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि हल्द्वानी में लो वोल्टेज की समस्या से लोग काफी परेशान हैं इसका समाधान जल्द किया जाए। सर्किट हाउस में बुधवार को आयोजित जिला विद्युत समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कोश्यारी ने कहा लो-वोल्टेज से नलकूपों का संचालन न होने से पेयजल आपूर्ति के साथ ही सिंचाई के लिए भी पानी की आपूर्ति बाधित हो रही है।
उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ ही ढीले तारों को कसने, नये ट्रांसफार्मर लगाने, नए विद्युत पोल लगाने की कार्य योजना बनाते समय क्षेत्र के विधायक से लेकर ग्राम प्रधान स्तर तक के जनप्रतिनिधि से समन्वय करें। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के अंतर्गत कृषि एवं अकृषि फीडरों के पृथकीकरण, विद्युत वितरण प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के साथ ही ग्रामीण विद्युतीकरण की प्रभावी कार्य योजना बनाने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी दीपक रावत ने विद्युत विभाग के सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया कि जनपद में नए विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना की जानी है, इसके लिए भूमि चयन व अन्य व्यवस्थाओं के लिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत संपर्क में रहें। विद्युत महकमे के मुख्य अभियंता सदस्य सचिव जिला विद्युत समिति एचके गुरूरानी ने बताया कि एकीकृत विद्युत विकास योजना के अंतर्गत कालाढूंगी, भीमताल, भवाली तथा लालकुंआ का चयन किया गया है। दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना के तहत भीमताल, बेतालघाट, धारी, हल्द्वानी, कोटाबाग, ओखलकांडा, रामगढ़, तथा रामनगर विकासखंडों का चयन किया गया है।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, भीमताल विधायक दान सिंह भंडारी, विधायक प्रतिनिधि डीके पंत, हेमवती नंदन दुर्गापाल, रवि दुर्गापाल के अलावा एवं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता नवीन मिश्रा, अमित आनंद, सैय्यद सिराज उस्मान, नितिन गरखाल, जीएस धर्मसत्तू, नरेंद्र सिंह टोलिया, देवेंद्र सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।