अमर उजाला प्रायोजित 94वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को दो मैच खेले गए। इनमें मार्कंडेय हॉकी क्लब शाहबाद, महाराष्ट्र पुलिस और कोप्स ऑफ सिग्नल जालंधर ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। 22 जून को अब शाम 4:30 बजे से महाराष्ट्र पुलिस बनाम मार्कंडेय हॉकी क्लब शाहबाद के बीच पहला सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा।
जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से डीएसए मैदान में खेले गए पहले मैच में शाहबाद ने एकतरफा मुकाबले में केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ को 5-0 से हराया। पहले हाफ में शाहबाद 2-0 से बढ़त पर थी। टीम के लिए 25वें मिनट में मनीष व 30वें मिनट में गगन ने गोल किया। दूसरे हाफ में 38वें मिनट में रमनदीप सिंह, 41वें व 45वें मिनट में गगन ने गोल किया। दूसरे मैच में महाराष्ट्र पुलिस ने नार्दर्न रेलवे लखनऊ को 1-0 से हराया। यह गोल पहले हाफ में 11वें मिनट में सत्यजीत सामंत ने किया।
दिन के तीसरे और आखिरी मैच में कोप्स आफ सिग्नल जालंधर ने एनसी रेलवे वर्कशॉप झांसी को 3-1 से हराया। पहले हाफ में जालंधर 1-0 से आगे था, यह गोल 29वें मिनट में परमवीर ने किया। दूसरे हाफ में जालंधर से 59वें मिनट में सुखराम व 66वें मिनट में घनश्याम ने गोल किया। झांसी से एकमात्र सफलता 63वें मिनट में आर. कुमार को मिली। अंपायर मंजुल प्रकाश सनवाल, सीएल साह, अमित कुमार व ललित साह थे। तकनीकी समिति में दीपक साह व रोहित साह जबकि तकनीकी निदेशक अहमद सिद्दीकी थे। मैच का आंखों देखा हाल मनोज कुमार ने सुनाया। ब्यूरो