नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मेला क्षेत्र में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए पुलिस की ओर से 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी मेला कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भी पूरे मेला परिसर पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी मेला क्षेत्र में तैनाती की गई है। सीओ अंजना नेगी ने बताया कि ड्रोन से भी मेला परिसर की निगरानी की जा रही है। मंदिर परिसर में लगे कैमरों के साथ पुलिस के सीसीटीवी कैमरे भी सुरक्षा व्यवस्था में मदद करेंगे।
40 भिक्षुकों को भेजा शहर से बाहर
नैनीताल। मेले से पहले मल्लीताल क्षेत्र से भिक्षुकों को पुलिस व पालिका ने उनके घर खदेड़ना शुरू कर दिया है। बुधवार को मल्लीताल क्षेत्र में पुलिस व पालिका ने अभियान चलाकर सुबह 40 से ज्यादा भिक्षुकों से पूछताछ कर उनके आधार कार्ड देखे। साथ ही उनके सत्यापन की जांच की। इसके बाद उनको पालिका के वाहन में नैनीताल से हल्द्वानी को खदेड़ दिया। कोतवाल राजेंद्र रावत ने बताया कि क्षेत्र में घूम रहे भिक्षुकों को शहर से वापस उनके क्षेत्र को भेजा जा रहा है।
दुकानों में गंदगी मिली तो होगी कार्रवाई
नैनीताल। महोत्सव की शुरुआत में ही खाद्य पदार्थों की दुकानों पर गंदगी देख कुछ स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। स्थानीय लोगों ने ज्योलीकोट क्षेत्र में हाल में सामने आए बीमारी के मामलों का हवाला देते हुए हर दुकान पर साफ-सफाई की व्यवस्था की निगरानी करने के साथ ही पेयजल की गुणवत्ता और व्यवस्था पर भी नजर रखने की मांग की। एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि मेले के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को दुकानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। गंदगी मिलने या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।