नैनीताल। नैनीताल का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टिफिन टॉप इन दिनों गंभीर अव्यवस्थाओं का शिकार है। पर्यटकों की ओर से टिकट शुल्क चुकाने के बावजूद यहां पीने के पानी, बैठने की बेंच और शौचालयों जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है जिससे उन्हें भारी असुविधा हो रही है।
टिफिन टॉप अयारपाटा पहाड़ी पर 2,290 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। पर्यटन स्थल तक पहुंचने वाली सड़क पर रेलिंग टूटी हुई हैं जो सुरक्षा के लिए खतरा है। नियमित निगरानी के अभाव में सफाई व्यवस्था भी बदहाल है। जगह-जगह प्लास्टिक की बोतलें और कूड़ा बिखरा पड़ा है। पर्यटक आशुतोष ने बताया कि यहां दिशा सूचकांक और रास्ते में बैठने के लिए बेंच नहीं हैं। वर्ष 2024 में सेल्फी प्वाइंट की पहाड़ी बारिश में ढह गई थी और यह स्थान आज भी खतरे में है। होटल संचालक ममता ने सुरक्षा इंतजाम करने या इसे बंद करने की मांग की है।
खराब रास्तों को दुरुस्त करने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। जल्द स्वीकृति मिलते ही कार्य कराया जाएगा। साथ ही चार शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। एंट्री गेट, बारापत्थर, शेरवुड और अयारपाटा में एक-एक और टिफिन टॉप में एक शौचालय बनेगा।
- ललित मोहन कार्की, वनक्षेत्राधिकारी