वीकेंड पर पर्यटकों के लौटने के कारण रानी बाग से भुजिया घाट तक लगा जाम। अमर उजाला
हल्द्वानी। बरसात के बीच पर्यटन सीजन ऑफ होने के बाद भी जाम की समस्या नासूर बनी हुई है। वीकेंड पर पहाड़ से लौटने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने से रविवार शाम भुजियाघाट से रानीबाग तक ट्रैफिक रेंगकर चला। शाम करीब सात बजे स्थिति में सुधार हुआ। इस दौरान पुलिस भी व्यवस्था बनाने में लगी रही।
पहाड़ों पर बारिश के बीच पुलिस ने डायवर्जन प्लान सख्ती से लागू नहीं किया। शनिवार और रविवार को बाहरी प्रदेशों से पहुंचे लोगों ने कुमाऊं के पर्यटन स्थलों की सैर की। रविवार दोपहर तक तक सड़कों पर ट्रैफिक सुगम रहा लेकिन शाम होते ही मैदान को जाने वाले वाहनों का दबाव बढ़ गया। भीमताल और नैनीताल से आने वाले वाहनों की रफ्तार काठगोदाम से करीब दस किलोमीटर पहले ही धीमी हो गई। भीमताल रोड पर एचएमटी और नैनीताल रोड पर भुजियाघाट से काठगोदाम पहुंचने में वाहनों को डेढ़ घंटे से अधिक समय लग गया। जाम के कारण सार्वजनिक वाहन और टैक्सी में सवार पर्यटकों को दिल्ली जाना था लेकिन देरी से उनकी यात्रा भी प्रभावित हो गई। इस दौरान पहाड़ जाने के लिए ट्रैफिक सुगमता से चलता रहा। दिनभर में कभी भी वाहनों को नहीं रोकना पड़ा। शाम सात बजे के बाद जाम की स्थिति में सुधार हुआ और वाहन की रफ्तार तेज हुई। इस पर लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली। काठगोदाम थाना प्रभारी पंकज जोशी की देखरेख में पुलिस टीम काठगोदाम में वाहनों को आगे बढ़ाती भी रही। रात आठ बजे के बाद यातायात पूरी तरह पटरी पर आ गया।
वीकेंड पर पर्यटकों के लौटने के कारण रानी बाग से भुजिया घाट तक लगा जाम। अमर उजाला