रामनगर (नैनीताल)। कुंभ मेले के लिए मांगी गईं हथिनियों के लिए हरिद्वार वन प्रभाग की ओर से संपर्क नहीं करने पर उन्हें गश्त के लिए रेंजों में भेज दिया गया है। अब तक इन्हें कालागढ़ हाथी कैंप में रखा गया था।
हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। चार हथिनियों को कॉर्बेट पार्क से हरिद्वार एवं राजाजी पार्क निगरानी के लिए भेजा जाना है। इसके लिए चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन की ओर से सीटीआर प्रशासन को निर्देशित किया था। चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन के निर्देश पर सीटीआर प्रशासन ने हथिनी गजनी, गजराज, अलबेली और चंपा को कालागढ़ हाथी कैंप में पहुंचा दिया था। कैंप में करीब एक माह तक रहनेे के बाद भी हथिनियों को लेकर हरिद्वार वन प्रभाग ने संपर्क नहीं किया। इस पर कॉर्बेट प्रशासन ने सभी हथिनियों को संबंधित रेंजों में भेज दिया है। वर्तमान में सीटीआर प्रशासन के पास 15 पालूत हाथी हैं।
हरिद्वार में कुंभ को देखते हुए इन हाथियों को भेजा जा रहा था। एक माह तक कालागढ़ हाथी कैंप में हथिनियों को रखा गया था, लेकिन हरिद्वार वन प्रभाग से हथिनियों को लेने कोई नहीं आया। ऐसे में हथिनियों को उनकी रेंजों में भेजा दिया है। हरिद्वार से टीम के आने पर हथिनियों को सौंपा जाएगा। - आरके तिवारी, पार्क वार्डन।