भतरौंजखान के समीप मछोड़ में हुए हादसे में घायल बस चालक का कहना था कि स्टेयरिंग फेल होने से कारण बस खाई में गिर पड़ी। वहीं एक यात्री का आरोप था कि कुछ लोगों को रामनगर से ट्रेन पकड़नी थी। इसी कारण उसने तेज रफ्तार से बस चलायी और अनियंत्रित होकर बस गिर पड़ी।
दुर्घटना में घायल चमोली जिले के बछुवाबाण गैरसैंण निवासी बस चालक दलीप सिंह (33) पुत्र मेहरबान सिंह को एसटीएच में भर्ती कराया गया है। उसके दोनों पैर टूट गए हैं। पूछने पर चालक ने बताया कि मछोड़ बैंड पर बस का स्टेयरिंग फेल हो गया और बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर पड़ी। अल्मोड़ा जिले के निगाड़ चौखुटिया निवासी राजेश रावत अपनी मां हंसी रावत के साथ बस में सवार थे। राजेश ने बताया कि कुछ यात्रियों को रामनगर से साढ़े नौ बजे की ट्रेन पकड़नी थी।
इसी कारण चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। मछोड़ बैंड पर वह बस को संभाल नहीं सका और बस खाई में गिर पड़ी। दुर्घटना के दौरान उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया था। हादसे में उसकी मां के सिर, पैर में चोट आई। उनको कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राजेश के हाथ में चोट आई है। इसी प्रकार सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती पटिया चौरानौगांव निवासी आशा की मां का कहना है कि उनकी बेटी का शिक्षा विभाग में लेक्चरर के लिए बृहस्पतिवार को काउंसलिंग थी। हादसे के दौरान उसके सिर में गंभीर चोट पहुंची है। इसी कारण वह काउंसलिंग में नहीं जा सकी। घायल रापड़ भिक्यासैंण निवासी बीडीसी सुंदर सिंह नेगी कंट्रोल की दुकान का सामान लेने के लिए रामनगर जा रहे थे।
दस घायलों में चार हालत नाजुक
हल्द्वानी। मछोड़ में बस दुर्घटना में घायल सात लोगों को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा एक को साईं और दो लोगों को कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में चार की हालत नाजुक बतायी जा रही है।
घायलों में अल्मोड़ा जिले के भिक्यासैंण रापड़ निवासी बीडीसी मेंबर सुंदर सिंह नेगी (42) , कुटौली जैंती निवासी शिवराम (58), पटिया चौरा नौगांव निवासी शिक्षिका आशा (23) पुत्री बालादत्त, बछुवा गैरसैंण, चमोली निवासी चालक दलीप सिंह (33) पुत्र मेहरबान सिंह, भिक्यासैंण निवासी मो. मुश्ताक (60), बिनौला संगड़ा भिक्यासैंण निवासी ट्रांसपोर्टर गोविंद पांडे (42) पुत्र बाला दत्त पांडे और बछुवाबान गैरसैंण निवासी अवतार सिंह (34) पुत्र प्रताप सिंह को सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें आशा और गोविंद पांडे के सिर में चोट लगने से हालत गंभीर है। इसी प्रकार सेल्स टैक्स से रिटायर्ड त्रिलोकनगर दोनहरिया निवासी तारादत्त बृजवासी (60) को साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिर में चोट लगने से तारादत्त की भी हालत गंभीर है। कृष्णा अस्पताल में भर्ती हंसी रावत के सिर और पैर में चोट लगने से हालत गंभीर बनी हुई है लेकिन उनके बेटे राजेश रावत की हालत ठीक है।