सरकारी अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. एसके सिंह की हत्या के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन भी उतर आया है। आईएमए ने बृजलाल हास्पिटल में बैठक कर शुक्रवार को निजी अस्पतालों में ओपीडी और इमरजेंसी सेवाएं ठप रखने का एलान किया। देहरादून की प्रदेश कार्यकारिणी के निर्देश पर आईएमए आगे की रणनीति तय करेगा।
बुधवार को महावीर जयंती का अवकाश था। जसपुर के सरकारी अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ डा. एसके सिंह की एक बदमाश ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। डाक्टर की हत्या के विरोध में बृहस्पतिवार को आईएमए ने बैठक बुलाई। बैठक में हल्द्वानी आईएमए के अध्यक्ष डा. नीलांबर भट्ट और सचिव डा. जेएसी भंडारी ने कहा कि शुक्रवार को शहर के सभी निजी अस्पताल बंद रहेंगे। ओपीडी एवं इमरजेंसी सेवाएं नहीं चलेंगी।
आईएमए ने डाक्टर के हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग, परिवार को पांच करोड़ मुआवजा देने और सभी अस्पतालों के बाहर पुलिस चौकी खोलने की मांग की। डा. भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को दस बजे सुबह बेस अस्पताल में बैठक के बाद अग्रिम रणनीति तय की जाएगी। बैठक में डा. पंकज गुप्ता, डा. अरुण कपूर, डा. अजय पाल, डा. प्रमोद जोशी, डा. प्रकाश पंत, डा. जेएस खुराना, डा. एचएल कुशवाहा, डा. पीएस टाकुली, डा. राहुल सिंह, डा. त्रिलोचन सिंह आदि थे।