रामनगर। काशीपुर से कालाढूंगी विवाह समारोह में जा रहे बाइक सवार दो युवकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। इससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। देर शाम पुलिस ने दोनों की शिनाख्त कराने के बाद उन्हें पोस्टमार्टम के लिए संयुक्त अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। बता दें कि बाइक सवार दोनों युवकों ने हेलमेट पहना हुआ था।
शुक्रवार देर शाम मोहल्ला कालीबस्ती अल्लीखां काशीपुर निवासी अरशद पुत्र मोहम्मद युसूफ (24) और किला काशीपुर निवासी प्रदीप पुत्र तुलसी (25) काशीपुर से बाइक (यूके 018-9634) पर सवार होकर कालाढूंगी एक विवाह समारोह में फूलों की सजावट करने जा रहे थे।
इसी दौरान ग्राम कंचनपुर छोई के पास गर्जिया मंदिर से बाजपुर जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। 108 के जरिये दोनों को संयुक्त अस्पताल लाया गया। मृतक काशीपुर निवासी फूल विक्रेता अनिल की दुकान में काम करते थे।
एसआई मुनव्वर हुसैन ने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली में खड़ा किया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। युवकों की मौत के बाद संयुक्त अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।