मोटाहल्दू गैस प्लांट तिराहा मोड़ पर डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में महिला का पति और दो बच्चे बाल-बाल बच गए। बाइक पर महिला, उसका पति के अलावा तीन बच्चे सवार थे।
इधर, हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मान सिंह उर्फ मनोज पुत्र बेगराम मूल निवासी मुड़िया देवरनिया (बरेली) यहां परिवार के साथ गोरापड़ाव में रहता है। वह यहां बटाईदारी का कार्य करता है। बृहस्पतिवार को पत्नी रामवती (28), बेटी पायल (8), बेटा मनोज (5) और अनुज (3) के साथ बाइक से गोरापड़ाव स्थित घर आ रहा था।
अभी वह लोग मोटाहल्दू इंडेन गैस बाटलिंग प्लांट के पास ही पहुंचे थे कि तिराहा पर क्रशर के लिए मुड़ रहे एक डंपर (यूए 04 ओ 5396) की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में रामवती और बेटी पायल की मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि, मान सिंह और उसके दो अन्य बच्चे छिटकने के चलते बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद चालक डंपर छोडकर फरार हो गया। परिजनों की मौत से मान सिंह और दोनों बच्चे बदहवास हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। वहीं हादसे से गुस्साए स्थानीय लोगों ने स्टोन क्रशर संचालकों से तिराहा पर गार्ड तैनात किए जाने की मांग की, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।