नैनीताल। कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए लोगों को जागरूक कर रही आशा कार्यकत्री ने दिल्ली से यहां पहुंची अपनी बेटी और उसकी सहेली को बगैर स्वास्थ्य जांच के घर में प्रवेश नहीं दिया। बीडी पांडे अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद दोनों को होम क्वारंटीन कर दिया।
बता दें कि मल्लीताल क्षेत्र के राजपुरा निवासी आशा वर्कर्स चंद्रा सती की पुत्री यामिनी सती और उसकी दोस्त कल्पना बिष्ट दिल्ली में होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई करते हैं। दोनों की दिल्ली के होटल में ट्रेनिंग चल रही थी। इस बीच कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन हो गया और होटल बंद कर दिए।
पहले चरण के लॉकडाउन के चलते दोनों वहीं फंसे रहे। उसके बाद दिल्ली से पास बनाकर वह सोमवार सुबह चार बजे नैनीताल पहुंच गई। इस दौरान मां ने कोरोना संक्रमण से एहतियात के तौर पर बेटी और उसकी दोस्त को भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज जोशी के साथ जांच के लिए बीडी पांडे अस्पताल भेजा।
वहां दोनों युवतियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही पीएमएस डॉ. केएस धामी, फिजिशियन डॉ. एमएस दुग्ताल और डॉ. अनिरुद्ध गंगोला ने कहा कि स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें 28 दिन के लिए होम क्वारंटीन कर दिया है।