किच्छा। चीनी मिल के पेराई सत्र का हवन-पूजन के साथ शुभारंभ हो गया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला व गन्ना विकास सलाहकार समिति के सह अध्यक्ष मंजीत सिंह राजू ने बैलगाड़ी तौल कांटे व ट्राली तौल कांटे का फीता काटा।
रविवार को मिल शुभारंभ पर अधिशासी निदेशक एपी बाजपेयी ने कहा कि पेराई सत्र संचालन के दौरान किसान साफ-सुथरे गन्ने की आपूर्ति करे। इससे अच्छी गुणवत्ता की चीनी का उत्पादन हो सके। पिछले पेराई सत्र में मिल में कुल 30.90 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हुई और 114 करोड़ का गन्ना मूल्य भुगतान किसानों को किया गया। किसी किसान का गन्ना मूल्य भुगतान शेष नहीं है। पेराई सत्र के लिए 39 गन्ना क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। मिल गेट पर किसानों के विश्राम के लिए किसान भवन बनाया गया है।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मिल क्षेत्र के हजारों किसानों की आजीविका का आधार है। इस वर्ष लगभग 6.5 करोड़ रुपये की लागत से मिल का महत्वपूर्ण नवीनीकरण किया गया है। वहां पर मुख्य अभियंता सीपी पांडेय, मुख्य रसायनज्ञ आशीष त्रिवेदी, संजय कुमार पांडेय, ऋषिपाल सिंह, अतुल कुमार गोयल, राहुल सक्सेना, गोल्डी गौराया, जितेंद्र गौतम आदि मौजूद रहे।