पर्यटकों की भीड़ से निखरी सरोवरनगरी की रंगत
- फोटो : अमर उजाला
नैनीताल। सरोवरनगरी नैनीताल में शनिवार को दिनभर पर्यटकों की भीड़ से रौनक बनी रही। पर्यटन व्यवसाय से जुड़े सभी कारोबारी भी काफी व्यस्त नजर आए। पर्यटकों के साथ ही पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ने से नगर के सभी मार्गों में दिनभर जाम लगा रहा। पुलिस को भी जाम को खोलने के लिए खूब पसीना बहना पड़ा।
दीपावली की छुट्टियों की वजह से नगर में इन दिनों पर्यटकों की आवक बढ़ गई है। नगर के अधिकतर होटल भी पैक हो गए हैं। डीएसए की कार पार्किंग वाहनों से पैक होने के बाद वाहनों को खेल के मैदान में खड़ा कर दिया गया है। सभी अन्य छोटे-बड़े पार्किंग भी वाहनों से पैक हैं। सुबह के वक्त तो पर्यटक वाहनों से जाम नहीं लगा लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया।
वाहन बढ़ते गए तो नगर की माल रोड, मस्जिद तिराहा, जू मोटर मार्ग, बिड़ला रोड, मोहन को चौराहे से लेकर नैनीताल क्लब चौराहे, हल्द्वानी, भवाली मोटर मार्ग में जाम लगता रहा। हालत यह थी कि अधिकतर मार्गों पर वाहन रेंग-रेंग कर चल रहे थे। पुलिस को भी यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
दूसरी ओर पर्यटकों ने नैनी झील में नौकाविहार कर नगर के दर्शनीय, धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया, जिसकी वजह से दिनभर नगर में मेले जैसा माहौल नजर आया। पर्यटकों ने पंत पार्क में लगी अस्थायी दुकानों से खूब खरीदारी की। संभावना जताई जा रही है रविवार को भी पर्यटकों की भीड़ और बढ़ेगी।