हल्द्वानी। रविवार सुबह से कोहरा छाए रहने के कारण कड़ाके की ठंड का एहसास हुआ। हालांकि दोपहर बाद कुछ देर के लिए सूर्य देव के दर्शन हुए, लेकिन राहत नहीं मिली। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले 24 घंटों में ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है।
नगर में रविवार सुबह से घना कोहरा छाया हुआ था। कोहरे के कारण हांड़ कंपाने वाली ठंड ने बेहाल कर दिया। रविवार की छुट्टी के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। सड़क और बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। हांड़ कंपाने वाली ठंड से बचने के लिए लोगों ने अंगीठी और अलावा का सहारा लिया। शनिवार को अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस था। रविवार को यह 3.7 डिग्री कम होकर 17.1 पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 15.6 और न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
वर्ष अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान बारिश मिलीमीटर में
2011 14.5 4.4 00
2012 17.2 6.0 2.0
2013 24.5 10.7 00
2014 16.5 9.4 00
2015 15.5 9.4 00
2016 12.5 6.9 00
2017 21.5 9.3 00
2018 17.8 2.4 00
2019 20.5 5.3 00
2020 21.0 12.0 43.2
2021 17.1 7.0 00
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
पिथौरागढ़ 20.1 2.9
चंपावत 18.8 1.0
अल्मोड़ा 17.8 2.8
पंतनगर 17.1 7.0
मुक्तेश्वर 15.6 3.5
नैनीताल 17.6 5.6
देहरादून 19.7 6.6
बेस अस्पताल में एक कंबल में ठंड गुजराने को मरीज मजबूर
हल्द्वानी। रविवार को कड़ाके की ठंड के बीच बेस अस्पताल में मरीज एक कंबल में रात गुजारने को मजबूर हैं। वार्ड में लगाया एक हीटर भी सभी मरीजों को राहत देने में नाकाफी है।
सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में ओपीडी में प्रतिदिन चार सौ से पांच सौ मरीज आते हैं, जबकि आईपीडी में 25 से 30 मरीज भर्ती रहते हैं। एक वार्ड में लगा एक हीटर आठ से दस मरीजों के लिए पर्याप्त नहीं है। मरीज एक कंबल में ठंड से बचाव का प्रयास कर रहे थे। बेस अस्पताल के सीएमएस डॉ. हरीश लाल का कहना है कि कंबलों की कोई कमी नहीं है। मरीज अगर दूसरा कंबल मांगते है तो उन्हें दिया जाता है।
कोहरे के कारण आधा-आधा घंटा देरी से पहुंची बसें
हल्द्वानी। कोहरे के कारण दिल्ली से हल्द्वानी आने वाली रोडवेज की बसें आधा-आधा घंटा देरी से हल्द्वानी पहुंची। बसों के देरी से पहुंचने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। काठगोदाम डिपो के स्टेशन इंचार्ज डीएन जोशी ने बताया कि दिल्ली रूट पर घना कोहरा था। कोहरे के कारण रात में दिल्ली से आने वाली बसें आधा-आधा घंटा देरी से हल्द्वानी पहुंची। उधर हल्द्वानी से दिल्ली गई बसें 45 मिनट देरी से दिल्ली पहुंची।