माउंट क्रिकेटर्स के सहयोग से डीएसए मैदान में आयोजित पीडी तिवारी स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब नैनी चार्जर्स ने माउंट क्रिकेटर्स को हराकर जीत लिया है। मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। विजेता टीम के हर्षित सिराला को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया।
नैनी चार्जर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 182 रन बनाए। अनिल ने सर्वाधिक 73 रन बनाए। जवाब में माउंट क्रिकेटर्स की टीम 19वें ओवर में 159 रन पर आलआउट हो गई। निर्णायक भास्कर बिष्ट व मिलन कपूर, स्कोरर धीरज पांडे, कनिष्क असवाल तथा उद्घोषक चैतन्य रौतेला व नितिन बहुगुणा थे। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार नैनी चार्जर्स के अनिल, गेंदबाज का माउंट क्रिकेटर्स के मोहन और सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर के लिए माउंट के रमेश जोशी को पुरस्कृत किया।
इससे पूर्व माउंट क्रिकेटर्स के संरक्षक डा. गिरीश रंजन तिवारी व आयोजक सचिव धीरज बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। बाद में अतिथियों ने स्व. पीडी तिवारी के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस दौरान डीएसए के महासचिव अजय साह, वरिष्ठ रंगकर्मी सुरेश गुर्रानी, सभासद कैलाश अधिकारी, विनोद परिहार, बच्ची चंद्र, असीम बख्श, प्रदीप दुम्का, दीपक रूबाली, राजू हार्पर, दीवान सिंह रौतेला, दीपक मटियाली, मो. अय्यूब, शिब्बन लाल, रुद्राश साह, प्रहलाद रावत, नजर अली समेत खेल प्रेमी मौजूद थे। संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।
रौतेला और साह हुए सम्मानित
माउंट क्रिकेटर्स ने पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान सेंट जोजफ कालेज के कक्षा सातवीं के युवा ताइक्वाडो खिलाड़ी आदित्य साह और पत्रकार भूपेंद्र मोहन रौतेला को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष श्याम नारायण ने रौतेला को शाल ओढ़ाकर और आदित्य को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।