फिल्म अभिनेता और छोटे पर्दे पर अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले सुदेश बेरी बुधवार की रात सरोवर नगरी में थे। गुरुवार तड़के जैसे ही उनके प्रशंसकों को उनके सरोवर नगरी में मौजूद होने की खबर लगी तो होटल में भीड़ उमड़ गई। प्रशंसकों ने न केवल उनके साथ फोटो खिंचवाए बल्कि उनसे आटोग्राफ भी लिए।
जानकारी के मुताबिक फिल्म अभिनेता सुदेश बेरी बुधवार को बेड़ीनाग में किसी फिल्म की शूटिंग में हिस्सा लेने गए हुए थे। वापस लौटते वक्त वह देर रात नैनीताल स्थित होटल विक्रम विंटेज पहुंचे। जानकारी होने पर मीडिया से जुड़े कुछ लोग भी उनसे मिलने होटल जा पहुंचे।
इस दौरान संक्षिप्त भेंट में उन्होंने अपने फिल्मी कॅरियर के अनुभव मीडिया कर्मियों से साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 1988 में फिल्म खतरों के खिलाड़ी से उन्होंने फिल्मी कॅरियर शुरू किया।
उसके बाद वंश, युद्धपथ, घायल, बार्डर, रिफ्यूजी, एलओसी कारगिल, टैंगोचार्ली जैसी फिल्मों में काम किया। वफा, शाबास और यू कैन डू इट जैसी फिल्मों में भी काम किया। छोटे पर्दे पर जीटीवी के अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो और सहारा वन के माता की चौकी जैसे सीरियलों में सुदेश के अभिनय की खासी सराहना हुई।
सुदेश का कहना था कि वह चाहते हैं कि वह ऐसे किरदार करें जो लोगों को हमेशा याद रहें। उनका कहना है कि मौजूदा समय में डबल मीनिंग और कामेडी को दर्शक ज्यादा पसंद करते हैं।
सरोवर नगरी के नैसर्गिक सौंदर्य की प्रशंसा करते हुए सुदेश का कहना है कि सभी को इसे संरक्षित करने की जरूर है ताकि यहां आने वाले लोग यहां से अच्छी यादें लेकर जाएं।