नैनीताल। संडे की छुट्टी के बाद सोमवार को बीडी पांडे अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही अस्पताल के पर्ची काउंटर और ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई जिससे व्यवस्थाएं कुछ समय के लिए दबाव में नजर आईं। डॉक्टरों का कहना है कि मौसम में बदलाव के चलते भी मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को मरीजों की संख्या में इजाफा रहा। दूरदराज से आए मरीजों को भी इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में भीड़ बढ़ने से पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र और जांच इकाइयों पर भी दबाव बना रहा। अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को संभालते हुए मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया। प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. टीके टम्टा ने बताया कि सोमवार को अस्पताल में 520 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई है।