एमबीपीजी कालेज छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जल्द प्रत्याशी घोषित करेगी। एबीवीपी के प्रांत संगठनमंत्री बृजेश बनकोटी ने कार्यालय पर जुटे कार्यकर्ताओं से यह बात कही।
अध्यक्ष पद का टिकट फाइनल करने को लेकर कार्यालय में पदाधिकारियों की शुक्रवार को कई घंटे बैठक चली। लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकल पाया। बैठक में विजय जोशी और नीरज मेहरा के समर्थकों ने अपने-अपने प्रत्याशी के लिए टिकट मांगा।
कई पदाधिकारियों ने तर्क दिया कि नीरज मेहरा संगठन का पुराना कार्यकर्ता है। विजय जोशी हाल ही में संगठन में आया है। कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष पद के दोनों दावेदारों की छात्र एवं छात्राओं के बीच मजबूत पकड़ और संगठन के प्रति आस्था का आंकलन कर ही टिकट फाइनल करने का सुझाव दिया।
कुछ वरिष्ठ पदाधिकारियों ने 2014 के चुनाव का जिक्र भी किया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन ने मजबूत दावेदार संजय रावत को टिकट न देकर कुछ नेताओं के दबाव में कार्तिक हर्बोला को मैदान में उतार दिया। जिसका खामियाजा संगठन को सीट गंवाकर चुकाना पड़ा था।
संजय रावत निर्दलीय चुनाव लड़कर जीता। इससे संगठन में फूट पड़ी और संगठन ने कुछ लोगों ने ही भितरघात कर संजय को चुनाव लड़ाया था। बैठक में कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। जल्दबाजी में टिकट की घोषणा न करने का सुझाव दिया गया।
बैठक में नैनीताल के संगठनमंत्री डा. देवेंद्र राणा, विभाग संगठन मंत्री दीपक शर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे।