रातीघाट क्षेत्र में झारखंड की एक स्वयं सेवी संस्था द्वारा आयोजित साक्षात्कार संबंधी शिविर को प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर बंद करा दिया। प्रशासन की टीम साक्षात्कार लेने पहुंचे संस्था से जुड़े दो लोगों को पूछताछ के लिए तहसील ले गई जहां काफी देर तक उनसे पूछताछ की गई।
जानकारी के मुताबिक भवाली अल्मोड़ा एनएच पर रातीघाट के समीप सामाजिक संस्था जनकल्याण विकास केंद्र गढ़वा (झारखंड) की ओर से क्षेत्र के दर्जनों युवाओं को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था।
जैसे ही उक्त साक्षात्कार की भनक राजस्व विभाग के अधिकारियों को हुई तो उन्होंने कुछ राजस्व कर्मियों को मौके पर भेजकर साक्षात्कार बंद करा दिया और साक्षात्कार ले रहे दो युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए तहसील कोश्या कुटौली ले गए।
पूछताछ के दौरान उक्त युवक व युवती ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को बताया कि केंद्र सरकार की योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग में प्रत्येक गांव से दो लोगों की टीम गठित करनी है, उक्त टीम अस्पतालों में मरीजों की देखरेख करेगी।
इसके एवज में दोनों लोगों को मानदेय मिलेगा। उक्त युवक युवती का कहना था कि उनकी संस्था पंजीकृत है और वह कोई फर्जीवाड़ा नहीं कर रहे हैं, हालाकि पूछताछ के दौरान उक्त दोनों लोग न तो पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत कर पाए और न ही कोई अन्य दस्तावेज। खबर लिखे जाने तक दोनों युवक युवती तहसील में ही मौजूद थे।
झारखंड की किसी संस्था द्वारा नियुक्ति संबंधी साक्षात्कार की मेरे पास कोई जानकारी नहीं है। जब भी केंद्र सरकार की ओर से कोई योजना चलाई जाती है तो वह राज्य सरकार के माध्यम से जिलों तक पहुंचती है। फिलहाल ऐसी किसी योजना की जानकारी नहीं है।
- डॉ.एलएम उप्रेती सीएमओ नैनीताल
झारखंड की संस्था द्वारा नियुक्ति के लिए साक्षात्कार संबंधी मामला संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कराई जा रही है। निर्वाचन अधिकारी को भी इस संबंध में सूचना दे दी गई है ताकि मामले में आवश्यक जांच कर कार्रवाई हो सके।
- प्रमोद कुमार उपजिलाधिकारी कोश्या कुटौली तहसील