हल्द्वानी। आरके टेंट हाउस रोड स्थित साली के घर में शुक्रवार शाम ऑटो चालक ने अपनी पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल महिला को बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
कालाढूंगी रोड स्थित पांडेय निवास डॉ. मनोज जोशी वाली गली में निवासी हरिशंकर कश्यप ऑटो चलाता है। शुक्रवार को आटो चालक की पत्नी ममता, अपने बच्चों के साथ आरके टेंट हाउस रोड के पास रहने वाली बहन आरती पत्नी बबलू राणा के घर गई थी। दोपहर को चालक हरिशंकर कश्यप भी साली के घर पहुंचा। शाम को 6:30 बजे हरिशंकर और ममता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस पर गुस्साए हरिशंकर ने रसोई से चाकू लेकर पत्नी ममता के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे वहां अफरातफरी मच गई।
सूचना पर आरटीओ रोड चौकी प्रभारी निर्मल सिंह लटवाल मौके पर पहुंचे और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की एक अन्य टीम ने घायल ममता को बेस अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि आरोपी आए दिन नशे में पत्नी ममता (26) और बच्चों से मारपीट करता रहता है। चौकी प्रभारी के अनुसार स्मैक बेचने के आरोप में हरिशंकर पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।