सोशल मीडिया में भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले गोपेश्वर महाविद्यालय के राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता को चमोली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से बुधवार को चीना बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार प्रवक्ता को चमोली पुलिस अपने साथ ले गई है।
बताते चलें कि गोपेश्वर कॉलेज के प्रवक्ता डा. भगवती प्रसाद पुरोहित पर बाबा साहेब के खिलाफ सोशल मीडिया में आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। अखिल भारतीय सेवा स्तंभ की चमोली जिला शाखाध्यक्ष बसंती राय की तहरीर के आधार पर चमोली में आईटी और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक डा. पुरोहित मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही फरार चल रहे थे और न्यायालय ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।
प्रवक्ता पुरोहित के नैनीताल में होने की सूचना पर बुधवार को चमोली पुलिस यहां पहुंची। चमोली पुलिस ने कोतवाली पुलिस से मदद ली और आरोपी को चीना बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। चमोली की पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विक्की टम्टा, एचसीपी भूपेंद्र पैथाणा, चंदन सिंह व कमल और कोतवाली की पुलिस टीम में कोतवाल संजय पांडे, एचसीपी कुंवर सिंह, हेम चंद्र राणा आदि शामिल थे। पुलिस का कहना है कि उक्त प्रवक्ता गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से अपने वकील से मिलने के लिए नैनीताल आया था, लेकिन बुधवार को हाईकोर्ट में अवकाश के चलते वह अपना प्रार्थनापत्र दाखिल नहीं कर सका। वकील से मिलने के बाद वह चीना बाबा मंदिर की ओर जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।