किच्छा। इण्डेन गैस एजेंसी से बांटे जा रहे सिलिंडरों में गैस कम निकल रही है। भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत कई लोगों ने जब बाजार में सिलिंडर वितरित कर रहे ई-रिक्शा को रोककर वजन तुलवाने के लिए कहा तो चालक भाग गया। सूचना पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने जब सिलिंडर का वजन करवाया तो दस में से पांच में गैस कम पाई गई।
कुछ समय से रसोई घरेलू सिलिंडरों में गैस कम आने की शिकायत हो रही थी। इस पर मंगलवार को गैस बांटने आवास विकास कॉलोनी आए एक ई-रिक्शा चालक को भाजपा मंडल अध्यक्ष गोल्डी गौराया, लवी सहगल, दिनेश भाटिया, प्रहलाद समेत कई लोगों ने रोक लिया। उन्होंने सिलिंडर का वजन तुलवाने के लिए कहा तो चालक बस अड्डे पर ई-रिक्शा छोड़कर भाग खड़ा हुआ। सूचना पर कोतवाली पुलिस के अलावा पूर्ति निरीक्षक भरत सिंह राणा मौके पर पहुंचे।
ई-रिक्शा को कोतवाली लाया गया। पूर्ति निरीक्षक ने गैस एंजेंसी प्रबंधक को मौके पर बुलाकर सिलिंडरों की तौल कराई। इस दौरान दस में से पांच सिलिंडरों में डेढ़ से ढाई किलो गैस कम मिली। पूर्ति निरीक्षक ने सभी सिलिंडर कब्जे में ले लिए।
पूर्ति निरीक्षक भरत सिंह राणा ने बताया कि पांच सिलिंडरों में गैस कम मिली। इसकी रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी को भेजी जा रही है।
इण्डेन गैस, के प्रबंधक ने बताया कि ई-रिक्शा चालक ठेकेदार का कर्मचारी है। वह मंगलवार सुबह एजेंसी से 11 सिलिंडर तुलवाकर ले गया था। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।