हल्द्वानी। रकसिया और देवखड़ी नालों के इर्द-गिर्द रह रहे 592 परिवारों को नोटिस जारी किए छह दिन बीत गए हैं लेकिन अब तक प्रशासन को बमुश्किल पांच-छह आपत्तियां ही मिली हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच में आपत्ति सही मिलने पर ही संबंधित भवन या जमीन का दोबारा सर्वे कराया जाएगा।
रकसिया नाले पर कब्जा कर रह रहे 386 और देवखड़ी नाले पर बसे 206 अतिक्रमणकारियों को 14 जून को उपजिलाधिकारी ने नोटिस जारी किया था। इसमें 15 दिन में अतिक्रमण हटाने अथवा आपत्ति दाखिल करने का समय दिया था। नोटिस जारी करने से पहले प्रशासन ने एक समिति गठित कर इन नालों का ड्रोन मानचित्रण, जीआईएस सर्वेक्षण और राजस्व अभिलेखों की जांच कराई थी। नोटिस जारी हुए छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक आपत्तियां गिनी चुनी ही मिली हैं। उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने बताया कि आपत्तियों की सुनवाई होगी। सुनवाई के दौरान यदि किसी शिकायतकर्ता की आपत्ति सही मिलेगी तो उस क्षेत्र के नालों का दोबारा सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि नालों के आसपास इक्का-दुक्का ही ऐसे लोग हैं, जिन्होंने बड़ा अतिक्रमण किया है। अन्य अतिक्रमणकारियों में किसी ने नाले के ऊपर लॉन बना दिया है तो किसी ने दुकानें आदि बना ली हैं।