लंबे समय से पदोन्नति की बाट जोह रहे स्वास्थ्य विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मियों और वाहन चालकों को पदोन्नति का तोहफा मिला है। इन कर्मियों की पदोन्नति तृतीय श्रेणी के पद पर हुई है। सभी पदोन्नत कर्मियों को एक सप्ताह के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में वर्ष 1996 से चतुर्थ श्रेणी कर्मियों व वाहन चालकों की पदोन्नति नहीं हुई थी। विभाग की ओर से पदोन्नति के लिए जनवरी 2016 में लिखित परीक्षा का आयोजन कराया गया, उसके बाद लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की टंकण परीक्षा देहरादून में की गई।
इस बीच स्वास्थ्य विभाग की महानिदेशक डॉ. कुसुम नारियाल के निर्देश के बाद अपर निदेशक (प्रशासन) प्रेम लाल के हस्ताक्षरों से जो सूची जारी की गई है, उसमें कुमाऊं के 20 कर्मियों को पदोन्नति का लाभ मिला है।
इधर, उत्तराखंड मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्टीरियल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नवीन चंद्र कांडपाल व मंत्री कंचन भगत ने कर्मियों की पदोन्नति पर खुशी जाहिर की है।
इन्हें मिली पदोन्नति
पदोन्नति पाने वालों में नैनीताल जिले से नवल किशोर कांडपाल, विपिन कांडपाल, घनश्याम, रमेश जोशी, अमित भट्ट, राजेंद्र सिंह मर्तोलिया, राजेश कुमार, सुरेश जोशी, पंकज तिवारी, अल्मोड़ा जिले से नवीन भट्ट, हरीश भाकुनी, महेंद्र सिंह, पिथौरागढ़ से विपिन पंत, बागेश्वर जिले से तारा दत्त कांडपाल, भुवन सिंह व पुष्कर नाथ, चंपावत जिले से खीम सिंह बिष्ट तथा यूएस नगर जिले में मोहन लाल, सत्य प्रकाश लोहनी व भीष्म कुमार शामिल हैं।