मेहरागांव में जाम लगने से फंसे वाहन। संवाद
भवाली (नैनीताल)। पहाड़ों में बर्फबारी और वीकेंड पर रविवार को सैलानियों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं को भीमताल के मेहरागांव से कैंची धाम तक 12 किलोमीटर के सफर में चार घंटे से अधिक समय लग गया। जाम के चलते स्थानीय लोगों और पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुलिस को यातायात व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ी।
भीमताल में रविवार की सुबह से शाम तक जाम लगा रहा। नोएडा से आए विशाल सक्सेना ने बताया कि परिवार के साथ कैंची धाम घूमने आए थे लेकिन सड़क पर जाम लगने से दो घंटे तक फंसे रहना पड़ा। गाजियाबाद के प्रदीप बत्रा ने बताया कि कैंची धाम पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मेहरागांव, फरसौली, भवाली, कैंची धाम में जाम से अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रानीखेत, बागेश्वर, धारचूला जाने वाले यात्री भी परेशान नजर आए। जाम से पर्यटन कारोबारियों और व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित रहा। कारोबारियों ने कहा कि प्रशासन और पुलिस की ओर से जाम से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इससे उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है। भीमताल, सलड़ी, रानीबाग में भी जाम की समस्या बनी रही। संवाद