नैनीताल रोड सौरभ होटल के निकट हुए सड़क हादसे में मारे गए ऑटो चालक गोपाल गुप्ता का क्षतिग्रस्त ऑटो
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। नैनीताल रोड पर देवाशीष होटल के पास कार के ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहा तेज रफ्तार टेंपो टकरा गया। इस हादसे में टेंपो चालक की गर्दन शीशे से कट गई। ठंडी सड़क स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने निजी अस्पताल में कार चालक को पीटने की कोशिश की लेकिन अन्य लोगों ने उसे बचा लिया। लोग कार में आगजनी की योजना बना रहे थे लेकिन कोतवाली पुलिस के समझाने पर लोग शांत हो गए। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
बैलेजली लॉज निवासी टेंपो चालक गोपाल गुप्ता उर्फ कन्नू (24) पुत्र चंद्र प्रकाश गुप्ता बृहस्पतिवार शाम टेंपो लेकर घर लौट रहा था। देवाशीष होटल के पास वह टेंपो मोड़कर घर जाने का प्रयास कर रहा था। इस बीच आगे चल रही लक्जरी कार के ब्रेक मारने पर टेंपो पीछे से कार से टकरा गया। टेंपो का शीशा टूटकर चालक की गर्दन पर लगा और उसकी गर्दन कट गई। हादसे को देखते ही क्षेत्रीय लोगों और राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
कार (यूके 04 जेड0900) हिमालय फार्म निवासी राघव भुटियानी चला रहा था। पुलिस घायल टेंपो चालक को पहले बांबे अस्पताल लेकर गई। यहां गुस्साए लोगों ने कार चालक को पीटने की कोशिश की लेकिन कुछ लोगों ने चालक को बचा लिया। इस बीच कुछ लोगों कार चालक के साथी को पीट दिया और कार में आग लगाने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
घटना की सूचना पर कोतवाल संजय कुमार और चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गुस्साए लोगों को समझाया और चालक को कब्जे में लेकर उसे कार के साथ थाने भेज दिया। पुलिस घायल टेंपो चालक को ठंडी सड़क स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गई। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के समझाने पर लोग शांत हो गए। टेंपो चालक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। इस मामले में टेंपो चालक के भाई मनोज ने तहरीर दी।
एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि इस मामले में धारा 279, 304ए के तहत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन कार चालक को गिरफ्तार नहीं किया है।