नैनीताल। अप्रैल में मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने कुमाऊं क्षेत्र में लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। ठंड और गर्मी के बीच हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल, सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या अस्पतालों में तेजी से बढ़ी है। बढ़ते मरीजों के दबाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
कुमाऊं के विभिन्न जिलों के सरकारी और निजी अस्पतालों में इन दिनों ओपीडी में मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. कमलेश पांडे ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और आपात सेवाओं को सुचारु रखने पर जोर दिया है। उनका कहना है कि मौसम में हो रहे बदलाव के चलते लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।