भाई से झगड़ा होने पर छोटी बहन शुक्रवार को घर से भाग गई। पुलिस ने उसे हीरानगर में घूमते हुए पकड़ा। पूछने पर पता चला कि वह हल्द्वानी में अपनी दीदी की तलाश कर रही थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया है।
नेपाल के अटरिया महेंद्रनगर की मूल निवासी दुर्गा धामी (16) शुक्रवार को हीरानगर में घूम रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने किशोरी को पकड़ लिया। पूछने पर दुर्गा ने बताया कि उसके भाई पिथौरागढ़ में रहते हैं। एसएसआई इंदर सिंह राणा ने बताया कि भाई और भाभी से विवाद होने पर वह घर छोड़ कर भागी। किशोरी हल्द्वानी में अपनी दीदी की तलाश कर रही है। उसे दीदी का पता नहीं मालूम है।
पुलिस ने रात में उसे एक निजी संस्था में रख दिया। शनिवार को उसे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया गया। हालांकि किशोरी को एक अन्य संस्था की प्रमुख इंदू करासी ने अपने संरक्षण में लेने के लिए कोतवाली पुलिस से बातचीत की है। पुलिस का कहना है कि मजिस्ट्रेट से निर्देश मिलने पर ही अन्य संस्था को पुलिस किशोरी को दे सकती है। पुलिस का कहना है कि मजिस्ट्रेट के आदेश पर ही सुपुर्द किया जाएगा।