रमजान के दो अशरे पूरे हो गए हैं। शुक्रवार की शाम तीसरा हिस्सा शुरू हो गया है। अब लोग इबादत के साथ ही ईद की तैयारियों में भी जुट गए हैं। सबसे ज्यादा होड़ कुर्ता-पायाजामा सिलवाने की है। हाल यह है कि टेलरों के पास कुर्ता-पायजामा के इतने ऑर्डर आ गए हैं कि ज्यादातर ने नए ऑर्डर लेना ही बंद कर दिया है।
वे सिर्फ जान-पहचान वालों या नियमित ग्राहकों के ही ऑर्डर ले रहे हैं। ऐसे में जिन लोगों ने कुर्ता-पायजामे का ऑर्डर नहीं दिया है, उन्हें रेडीमेड कुर्ता-पायजामा से ही नमाज अदा करनी पड़ेगी। आजाद नगर में कुर्ता-पायजामा के स्पेशलिस्ट टेलर इकबाल हुसैन, हाजी अब्दुल कादिर, रेहान अहमद ने बताया कि वे सिर्फ पुराने ग्राहकों के ही ऑर्डर ले रहे हैं।
ऐसे लोगों के लिए उन्होंने पहले ही गुंजाइश छोड़ रखी है। एपिक टेलर शॉप के मो. एहसान ने बताया कि कारीगरों की सीमित संख्या की वजह से अब ईद के ऑर्डर लेना बंद कर दिया है।
रईस वाला पठानी सूट की अधिक डिमांड
टेलर मो. तारिक ने बताया कि शाहरुख खान ने फिल्म रईस में जैसा पठानी सूट पहना था, इस बार उसकी काफी डिमांड है। फिटिंग वाले पठानी सूट की इस बार काफी बुकिंग आई है। उन्होंने बताया कि युवा इंटरनेट से सेलिब्रिटीज के पठानी सूट की डिजाइन डाउनलोड कर उसी आधार पर सिलवाने की डिमांड कर रहे हैं।