नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ के ट्रेनिंग पर जाने से मरीजों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ की अनुपस्थिति पर प्रबंधन ने सोमवार को डॉक्टर की वैकल्पिक व्यवस्था करने की बात कही थी। लेकिन सोमवार को भी अस्पताल में डॉक्टर न होने से मरीजों को बिना उपचार वापस लौटना पड़ा। बीडी पांडे अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ इन दिनों ट्रेनिग पर हैं। निदेशक स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए बेस अस्पताल हल्द्वानी, गरमपानी व सितारगंज से चिकित्सकों की ड्यूटी बीडी पांडे अस्पताल में लगाई गई थी। लेकिन विभागीय आदेश के बावजूद शनिवार व सोमवार को चिकित्सक अस्पताल नहीं पहुंचे। इससे हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष में ताला लगा रहा। वहीं उपचार को पहुंचे मरीज लंबे इंतजार के बाद बिना उपचार ही बैरंग लौट गए।
इस संबंध में पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने सीएमओ स्तर से ही चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने की बात कही। सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत ने वैकल्पिक व्यवस्था के लिए निदेशक से पत्राचार कर व्यवस्था जुटाने की बात कही। वहीं निदेशक डॉ. कमलेश पांडे ने बताया कि गरमपानी, बेस हल्द्वानी व सितारगंज से वैकल्पिक तौर पर चिकित्सक तैनात करने के निर्देश सीएमओ को दिये गए थे।