नैनीताल। दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिले में खाद्य सामग्री में मिलावट को रोकने के लिए डीएम ललित मोहन रयाल ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया है कि जिलेभर में मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
डीएम ने कहा कि दीपावली का त्योहार नजदीक है, ऐसे में मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मिठाई की दुकान, डेयरी उत्पादों की इकाइयों और थोक विक्रेताओं की नियमित जांच करें। दूध, दही, पनीर, खोया एवं अन्य दुग्ध उत्पादों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएं। डीएम ने आबकारी निरीक्षकों को क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री की रोकथाम के लिए सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा कि शराब की दुकानों में ओवररेटिंग की शिकायत न आए। कहीं से भी शिकायत प्राप्त होने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।