पुलिस और जिला प्रशासन ने एमबीपीजी कालेज के प्राचार्य को इसी महीने छात्रसंघ चुनाव कराने को कहा है। प्राचार्य को अवगत कराया गया है कि अगले माह त्यौहारों और विधानसभा चुनाव की तैयारी के चलते अतिरिक्त फोर्स उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पाएगा।
एमबीपीजी कालेज के प्राचार्य के निर्देश पर प्राक्टोरियल बोर्ड के सदस्य बातचीत करने के लिए एसपी सिटी कार्यालय में आए। यहां मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह और एसपी सिटी यशवंत सिंह ने बताया कि हल्द्वानी के अलावा नैनीताल और रामनगर में भी छात्रसंघ चुनाव होने हैं। अगले माह अक्तूबर में रामलीला के अलावा अन्य त्यौहार हैं। शासन के निर्देश पर पुलिस और प्रशासन को विधानसभा चुनाव की तैयारी भी करनी है।
शीघ्र छात्रसंघ चुनाव नहीं होने पर एमबीपीजी कालेज को अलग से फोर्स देना संभव नहीं हो पाएगा। चुनाव की तिथि आगे बढ़ने पर छात्रों का हंगामा भी बढ़ेगा। चीफ प्राक्टर डॉ. आरएस भाकुनी, छात्रसंघ चुनाव अधिकारी ने छात्रसंघ चुनाव के लिए कुछ तिथियों को सुझाया। इस मामले में प्राचार्य की हरी झंडी मिलने के बाद ही छात्रसंघ चुनाव के नामांकन तिथि और मतदान तिथि घोषित की जाएगी। एसपी सिटी का कहना है कि प्राचार्य से वार्ता के बाद तिथि को अंतिम रूप से दिया जाएगा।