रामनगर। क्षेत्र में लंबे समय से प्रतिबंधित औषधियों की काला बाजारी के चलते कार्बेट पार्क की एसओजी व एसटीएफ के संयुक्त अभियान में मंगलवार को दो किलो तीन सौ ग्राम प्रतिबंधित कीड़ा जड़ी के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। जबकि दूसरा आरोपी मौका देख मोटर साइकिल से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
एसटीएफ प्रभारी पी रेणुका देवी के आदेशानुसार एसटीएफ कार्बेट पार्क एसओजी टीम ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर कोसी बैराज के पास चेकिंग अभियान कर गुलेनूर निवासी नयागांव तेलीपुरा को दो किलो तीन सौ ग्राम प्रतिबंधित कीड़ा जड़ी के साथ गिरफ्तार किया।
बरामद की गई औषधि की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 50 लाख रुपए आंकी जा रही है। जबकि अभियुक्त अजय कोसी रोड निवासी मय मोटरसाइकिल फरार हो गया। उसकी खोजबीन की जा रही है।
कार्बेट पार्क के एसओजी प्रभारी व वन क्षेत्राधिकारी बिजरानी संजय पांडे ने बताया कि अभियुक्त को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। टीम में एसटीएफ एसआई, केपी टम्टा, विरेंद्र चौहान, किशोर, महेंद्र गिरि, सुदेश कुमार, अजीत कुमार चौहान व गोविंद सिंह थे।