हल्द्वानी। गौलापार में हर हफ्ते ट्रांसपोर्ट वाहन रोकने से कारोबारी परेशान हो गए हैं। कारोबारियों का कहना है कि इससे वाहन में रखी सब्जी और दूध खराब हो रहा है। भवाली, गरमपानी, क्वारब में भी वाहनों को रोका जा रहा है। अगर यही हाल रहा तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
ट्रांसपोर्टर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि हल्द्वानी से हर रोज चार से पांच सौ वाहन सामान लेकर पहाड़ जा रहे हैं और इतने ही वापस आते हैं। जगह-जगह रोके जाने के कारण वाहनों को बागेश्वर पहुंचने में तीन दिन लग रहे हैं। ऐसे में उनमें लदा सामान खराब होने की आशंका बढ़ रही है।
ट्रांसपोर्ट कारोबारी इस समय काफी परेशान हैं। वाहनों को जगह-जगह रोका जा रहा है। टीपीनगर में ट्रांसपोर्टरों के वाहनों के लिए जगह नहीं है। गाड़ी बाहर खड़ी होती है तो पुलिस वाले परेशान करते हैं।
- हरजीत सिंह चड्ढा
वाहनों में लगातार सामान खराब होने की शिकायत आ रही है और आर्थिक नुकसान हो रहा है। प्रशासन को लिखित शिकायत दी है लेकिन प्रशासन का कोई जवाब नहीं आया है। अब आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
- राकेश चंद्र जोशी
हर हफ्ते शनिवार और रविवार को गौलापार में मालवाहक ट्रक रोक दिए जा रहे हैं। विवाह का सीजन है और पहाड़ के लिए फल, सब्जी, दूध के अलावा कई अन्य आवश्यक चीजें जा रही हैं लेकिन समय पर नहीं पहुंचने के कारण सामान खराब हो रहा है। प्रशासन को वाहन रोकने के बजाए चार पांच वाहन तो भेजने चाहिए।
-राकेश जोशी, अध्यक्ष देवभूमि ट्रक ऑनर्स महासंघ