हल्द्वानी। डॉक्टरों और मेडिकल फैकल्टी की कमी से जूझ रहे राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के लिए राहत की खबर है। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल से जुड़े मेडिकल कॉलेज को छह नए फैकल्टी सदस्य मिले हैं। राज्य कैंसर संस्थान में भी तीन चिकित्सकों की तैनाती हुई है। कुल नौ चिकित्सकों की नियुक्ति से दोनों संस्थानों के सात विभागों को मजबूती मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज में न्यूरो सर्जरी विभाग को डॉ. क्षितिज सिन्हा के रूप में एसोसिएट प्रोफेसर मिले हैं। बाल रोग विभाग में डॉ. पूजा अग्रवाल को एसोसिएट प्रोफेसर की जिम्मेदारी दी गई है। अस्थि रोग विभाग में डॉ. कृतिका टोलिया असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनात हुई हैं। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में डॉ. अभिषेक चंद को असिस्टेंट प्रोफेसर बनाया गया है। इसके अलावा जनरल सर्जरी विभाग में डॉ. पुष्किन पोखरियाल और डॉ. मिलन साह असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में सेवाएं देंगे।
राज्य कैंसर संस्थान में भी फैकल्टी की संख्या बढ़ी है। यहां डॉ. हेम चंद्र भट्ट को एसोसिएट प्रोफेसर बनाया गया है। वहीं डॉ. पूजा वर्मा और डॉ. जहांआरा की असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर तैनाती हुई है।
कोट
नौ चिकित्सकों की तैनाती से संबंधित विभागों में शिक्षण कार्य, मेडिकल छात्रों के प्रशिक्षण और मरीजों को मिलने वाली विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। - प्रो. डॉ.अजय आर्या, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज